स्पाइसजेट विमान का उड़ान भरने के बाद गिरा पहिया, मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग; सभी यात्री सुरक्षित

मुंबई। गुजरात के कांडला एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही स्पाइसजेट की एक फ्लाइट का लैंडिंग गियर का पहिया गिर गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस स्थिति के बावजूद विमान ने मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कर ली और सभी 75 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। मामले में मुंबई एयरपोर्ट (सीएसएमआईए) ने बयान जारी कर बताया कि कांडला से आया एक विमान तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद 12 सितंबर 2025 को दोपहर 3:51 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर आपातकालीन लैंडिंग की।
सीएसएमआईए के प्रवक्ता ने बताया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान एहतियात के तौर पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया था। विमान रनवे 27 पर सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं। सफल लैंडिंग के कुछ ही देर बाद सामान्य परिचालन फिर से शुरू हो गया है।
बता दें कि ये पूरी घटना तब की है जब स्पाइसजेट की एसजी2906 फ्लाइट कांडला से मुंबई जा रही थी, उड़ान भरने के बाद रनवे पर एक पहिया पड़ा मिला। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने तुरंत पायलट को इसकी सूचना दी। जांच में पता चला कि विमान के रियर राइट साइड का एक पहिया गायब था। इसके बाद फ्लाइट के लिए फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई और विमान को मुंबई की ओर रवाना किया गया। विमान ने शाम 3:51 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
एयरलाइन ने एक बयान में कहा, 12 सितंबर को कांडला से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट Q400 विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पड़ा मिला। विमान ने मुंबई की अपनी यात्रा जारी रखी और सुरक्षित रूप से लैंडिग की। एयरलाइन ने कहा कि सुचारू लैंडिंग के बाद विमान अपनी शक्ति से टर्मिनल तक पहुंचा और सभी यात्री सुरक्षित उतार लिए गए। सूत्रों ने बताया कि विमान को मुंबई हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, क्यू400 विमान में छह टायर होते हैं। विमान में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में तुरंत जानकारी नहीं मिल सकी।