#प्रदेश

जम्मू के कटड़ा में मां वैष्णो देवी मार्ग पर फिर भूस्खलन, बारिश से बनी-बसोहली मार्ग 16 घंटे रहा बंद,रात भर फंसे रहे वाहन

Advertisement Carousel

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में शनिवार देर शाम कई जगह मौसम में फिर बदलाव आया। देर रात कटड़ा में भारी बारिश हुई। माता वैष्णो देवी के पारंपरिक यात्रा मार्ग पर कई जगह भूस्खलन से मलबा जमा हो गया। कठुआ के बनी-बसोहली मार्ग पर टिकरी के पास भूस्खलन से 16 घंटे आवाजाही बंद रही। रातभर बड़ी संख्या में वाहन फंसे रहे।



बीआरओ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग बहाल किया। जम्मू में रविवार को दिनभर हल्के बादल छाए रहे। शाम को हल्की बारिश हुई। इससे पहले दिनभर उमस ने परेशान किया।राजधानी श्रीनगर समेत कश्मीर के अन्य जिलों में तपिश का अहसास हुआ।

यहां अधिकांश जिलों में दिन का पारा सामान्य से 4 से 6 डिग्री ऊपर चल रहा है। जम्मू में शाम को हल्की बारिश से राहत मिली। आर्द्रता का प्रतिशत 88 तक पहुंच जाने से उमस ने परेशान किया। यहां दिन का पारा सामान्य से थोड़ा चढ़कर 33.8 और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

श्रीनगर में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री चढ़कर 32.6 और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बनिहाल में दिन का पारा 29.2, बटोत में 26.1, कटड़ा में 28.2 और भद्रवाह में 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम में अधिकतम तापमान 27.2 और गुलमर्ग में 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कटड़ा में यात्रा मार्ग को साफ करने में जुटे कर्मचारी
रात में तेज बारिश से सांझी छत और भवन मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा आ गया। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के कर्मचारी मार्ग को साफ करने में जुट गए हैं। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार मार्ग पर मिट्टी और पत्थरों का बहाव हुआ है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए ही यात्रा पर निकलें। श्राइन बोर्ड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बता दें कि खराब मौसम के कारण श्राइन बोर्ड ने रविवार से शुरू होने वाली यात्रा ऐन मौके पर स्थगित कर दी थी।

20 सितंबर तक मानसून के लौटने की उम्मीदमौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक डॉ. मुख्तियार अहमद ने बताया कि इस साल जम्मू संभाग के कई जिलों में मानसून में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। मानसून आखिरी दौर में है। अब मौसम में बड़ा बदलाव नहीं आएगा। 19 सितंबर तक कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। 20 सितंबर तक मानसून के लौटने की उम्मीद है।