बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति का ज्ञान भी कराना आवश्यक हैः श्री देवांगन

० लाल मैदान दशहरा उत्सव में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा वासियों को दी बधाइयां, बारिश के बावजूद भी लाल मैदान पर हजारों लोग पहुंचे
कोरबा। बच्चों की शिक्षा ठीक से कराएं। शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति का ज्ञान होना आवश्यक है। इससे व्यक्ति चरित्रवान व संस्कारवान बनता है। आने वाली पीढ़ी में भी सनातन धर्म की समझ हो। यह बातें दर्री में लाल मैदान दशहरा उत्सव में मुख्य अतिथि की आसंदी से, आबकारी, वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कही। श्री देवांगन ने दशहरा उत्सव में कोरबा वासियों को बधाई देते हुए कहा कि यहां की 35 वर्षों से अधिक गरिमामय परंपरा की वजह से सीएसईबी लाल मैदान दशहरा उत्सव कोरबा जिले की पहचान है। भारी आंधी-बारिश के बावजूद भी आप पहुंचे और यह दशहरा मैदान खचाखच भरा है। यह आप सबका उत्साह ही है।
श्री देवांगन ने बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा उत्सव पर कहा कि रावण विद्वान पंडित था लेकिन उसमें अहंकार भर गया था। इसलिए उसका भगवान श्रीराम के हाथों अंत हुआ। उन्होंने सभी को सलाह देते हुए कहा कि अहंकार से दूर रहें। इससे पहले श्री देवांगन द्वारा आवासीय काॅलोनी से निकाली गई भगवान श्रीराम-लक्ष्मण की झांकी की पूजा-अर्चना की गई। लाल मैदान पर रावण का पुतला बनाने वाले एवं आंधी-बारिश के बीच विषम परिस्थितियों में रावण दहन को संभव बनाने वाले कर्मठ व लगनशील कर्मचारियों एवं कारीगरों से कैबिनेट मंत्री मिले और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाइंया दी।
दशहरा उत्सव के मंच पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छग. स्टेट पाॅवर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री एसके कटियार द्वारा कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन का शाॅल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। दशहरा उत्सव समिति कोरबा पश्चिम के संरक्षक मुख्य अभियंता श्री प्रवीण श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन दिया। मंच से विशिष्टि अतिथि प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पांडेय एवं प्रबंध निदेशक एसके कटियार ने भी लोगों को संबोधित किया। लाल मैदान पर आकर्षक आतिशबाजी एवं लेजर शो का लोगों ने भरपूर आनंद लिया। दशहरा मैदान पर हजारों की संख्या मंे मौजूद लोगों के बीच भगवान श्रीराम के संग अतिथियों ने रिमोट का बटन दबाकर रावण का दहन किया। इस तरह बुराई का प्रतीक रावण का अंत हुआ और लोगों ने आपस में विजयादशमी की शुभकामनाएं बांटी। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता ने किया।