कोरबा: नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, पांच घायल
कोरबा। कोरबा जिले के मोरगा चौकी अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे के झरना मोड़ के पास गुरुवार देर रात करीब 12 बजे दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आमने-सामने हुई भिड़ंत
जानकारी के मुताबिक, टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एक कार का एयरबैग खुल गया, जिससे आगे बैठे लोगों की जान बच गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत मोरगा चौकी पुलिस तथा डायल 112 को सूचना दी गई।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए पोड़ी उपरोड़ा स्थित स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि एक मारुति कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं। दूसरी कार में तीन लोग सवार थे और तीनों घायल हैं। दोनों कारों में सवार लोग कोरबी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। मारुति कार में सवार लोग शर्मा कौरबी गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।




