वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र व्यास का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

राजनांदगांव। प्रेस क्लब राजनांदगांव के संरक्षक, दैनिक अमृत संदेश के जिला ब्यूरो प्रमुख एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र व्यास (72) का बुधवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे। उनके निधन से पत्रकारिता जगत और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
राजेंद्र व्यास का अंतिम संस्कार गुरुवार को किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा दोपहर 3 बजे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, लालबाग स्थित उनके निवास से निकलेगी और स्थानीय लखोली मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार होगा।
वे प्रतिष्ठित गायत्री स्कूल (सीबीएसई) के प्राचार्य अंकित व्यास के पिता थे। अपने पीछे वे एक पुत्र, एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
राजेंद्र व्यास का पत्रकारिता जगत में लंबा और सम्मानित योगदान रहा। वे मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा तथा अमृत संदेश के संस्थापक संपादक गोविंदलाल वोरा के भांजे थे।
उनके निधन पर पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न गणमान्य नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।




