छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड परीक्षा आज से शुरू, नकल रोकने के लिए कड़ी निगरानी
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 12वीं बोर्ड परीक्षा आज शुक्रवार से शुरू हो रही है। परीक्षा को लेकर प्रदेशभर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल और निगरानी के विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।
परीक्षा को नकलमुक्त बनाने के लिए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त निगरानी की व्यवस्था की गई है।
उड़नदस्ता टीम रहेगी सक्रिय
परीक्षा के दौरान उड़नदस्ता दल लगातार सक्रिय रहेंगे और केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। केंद्राध्यक्षों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की विशेष ट्रेनिंग दी गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। गर्मी को देखते हुए विद्यार्थियों के लिए पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने दी शुभकामनाएं
प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ और बिना किसी तनाव के परीक्षा में शामिल होने की अपील की है।
प्रशासन ने छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, एडमिट कार्ड साथ रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।





