मौसम बदलेगा मिजाज: 26 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ का असर, पहाड़ों पर हल्की बारिश-बर्फबारी
दिल्ली। उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। वहीं पश्चिमी हिमालयी इलाकों में 26 फरवरी से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 26 से 28 फरवरी के बीच हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
भारी बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार यह पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहेगा, इसलिए व्यापक या भारी वर्षा की संभावना नहीं है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली जैसे 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
हरिद्वार और देहरादून जैसे मैदानी इलाकों में धूप खिली रहेगी और ठंडी हवाएं चल सकती हैं। 25 फरवरी से प्रदेशभर में मौसम साफ रहने और तापमान में हल्की बढ़ोतरी का अनुमान है।
हिमाचल में बढ़ा पारा
शिमला, मनाली और धर्मशाला में मौसम साफ रहने से दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस की गई। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान 6 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि निचले इलाकों में पारा 28 डिग्री तक पहुंच गया।
पूर्वी और मध्य भारत में बारिश के आसार
25 फरवरी को ओडिशा, गंगा तटीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा तेलंगाना में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 25 और 26 फरवरी को मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।





