#प्रदेश

Accident : नेशनल हाईवे-31 पर भीषण सड़क हादसा, चार की मौत, छह घायल,मची चीख-पुकार

Advertisement Carousel

 

भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना झंडापुर थाना क्षेत्र में रेलवे ढाला के पास राष्ट्रीय उच्च मार्ग-31 पर हुई।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के अनुसार, खगड़िया से आ रही एक निजी बस और दो छोटी गाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दोनों छोटी गाड़ियां नवगछिया से नारायणपुर की ओर जा रही थीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मदद से जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पति-पत्नी समेत चार की मौत

मृतकों में अरविंद मंडल और कुणाल कुमार शामिल हैं, जो क्रमशः कटिहार और खगड़िया जिले के निवासी बताए गए हैं। इसके अलावा भागलपुर जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के भिट्टा गांव निवासी 35 वर्षीय पूरमी देवी और उनके 40 वर्षीय पति सुनील दास की भी इस हादसे में जान चली गई।

प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार बस चालक की लापरवाही बताई जा रही है। जिलाधिकारी ने पुलिस को बस चालक और मालिक की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, मोटरयान निरीक्षक द्वारा दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।