तेलंगाना में सनसनी: दो महीने के मासूम की हत्या, मुंह में कपड़ा ठुंसकर मां ने ले ली अपनी औलाद की जान
तेलंगाना। राज्य में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट परिसर में दो महीने के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चे की हत्या किए जाने का आरोप उसकी मां पर है।
डायल 100 पर मिली सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे डायल 100 पर कॉल के जरिए सूचना मिली कि आउटर रिंग रोड के पास स्थित स्पीड सनरैली अपार्टमेंट में एक शिशु की संदिग्ध मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
एसीपी शंकर रेड्डी ने बताया कि बौरमपेट इलाके में बन रही बिल्डिंग में बच्चे की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को गंभीर हालात मिले।
मुंह में कपड़ा, पैर बंधे मिले
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि बच्चे के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और उसके पैर रस्सी से बंधे हुए थे। प्रारंभिक जांच में चोटों के कारण मौत होने की बात सामने आई है।
पिता ने दर्ज कराई शिकायत
शिकायत 21 वर्षीय राजेंद्र आदिवासी ने दर्ज कराई, जो मध्य प्रदेश के सागर जिले के नौगांव के निवासी बताए गए हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे करीब एक महीने से निर्माण स्थल पर मजदूरी कर रहे थे और अपनी पत्नी ममता अहिरवार (20) व दो महीने के बेटे सूर्या के साथ वहीं अस्थायी कमरे में रह रहे थे।
राजेंद्र के अनुसार, मंगलवार सुबह वह काम पर गए थे। जब वह करीब 11 बजे लौटे तो उन्होंने कथित तौर पर अपनी पत्नी को आग के पास पाया और बच्चे को जलाने की कोशिश होते देखी। उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप किया, लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।
रोने से परेशान थी मां?
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पिछले कुछ दिनों से बच्चा लगातार रो रहा था, जिससे मां परेशान थी। आशंका है कि बच्चे को चुप कराने के लिए उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया और पैरों को बांध दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को आग में डालने की कोशिश की गई।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी महिला से पूछताछ जारी है।




