#अंतरराष्ट्रीय

Bolivia में नोटों से भरा सेना का विमान हाईवे पर क्रैश: 15 की मौत, कई घायल

Advertisement Carousel

 

इंटरनेशनल न्यूज़। Bolivia की राजधानी La Paz के पास शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। एक मालवाहक (कार्गो) विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी दमकल विभाग के प्रमुख पावेल टोवर ने दी।

रनवे से फिसलकर हाईवे पर पहुंचा विमान

यह हादसा उस समय हुआ जब विमान रनवे से फिसलकर पास के शहर El Alto की एक हाईवे पर जा घुसा। वहां चल रही कई गाड़ियों को उसने टक्कर मार दी। अधिकारियों के मुताबिक कम से कम 15 वाहन इस दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुए हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतकों में विमान के यात्री शामिल हैं या सड़क पर मौजूद लोग।

वायुसेना का हरक्यूलिस विमान था

बताया जा रहा है कि यह Bolivian Air Force का हरक्यूलिस विमान था, जो देश के केंद्रीय बैंक से नए छपे नोट अन्य शहरों में पहुंचाने जा रहा था। हादसे के बाद विमान में आग लग गई, जिसे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया।

हाईवे पर बिखरे नोट, लूट की मची होड़

सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में सड़क पर विमान का मलबा, क्षतिग्रस्त वाहन और बिखरे हुए नोट दिखाई दे रहे हैं। बड़ी मात्रा में नकदी एयरपोर्ट के बाहर फैल गई थी, जिसे उठाने के लिए सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को दंगा-रोधी उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा।

हादसे की जांच शुरू

घटना के बाद एहतियातन एयरपोर्ट से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी।