सीकर में मिट्टी की सुरंग बनी मौत का जाल, तीन बच्चों की जान गई

सीकर। नेछवा थाना क्षेत्र के गनेड़ी गांव में एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की जान चली गई। खेत में खेलते समय बच्चों द्वारा बनाई गई मिट्टी की सुरंग अचानक ढह गई, जिससे तीनों बच्चे उसके नीचे दब गए। इस हादसे में एक अन्य बच्चा बाल-बाल बच गया, जिसकी आवाज सुनकर ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, गांव के बच्चे मिट्टी के 3 से 4 फीट ऊंचे टीले के नीचे सुरंग बनाकर खेल रहे थे। सोमवार सुबह होलाश मेघवाल (10), गौतम सैनी (14) और दीपेश नायक (12) सुरंग के अंदर चले गए, जबकि उनका साथी कृष्ण बाहर ही था। अचानक सुरंग ढहने से तीनों अंदर ही दब गए।
कृष्ण के पैर भी मिट्टी में फंस गए थे, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए खुद को संभाला और मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
इस घटना ने गांव में शोक की लहर फैला दी है। मृतक बच्चों के परिवार पहले से ही आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों से जूझ रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह हादसा खेल के दौरान हुई एक दुखद दुर्घटना है।





