#राष्ट्रीय

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा : 195.50 रुपये की बढ़ोतरी,घरेलू गैस की कीमतों में राहत

Advertisement Carousel

नई दिल्ली। सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक सिलेंडर पर लागू की गई है। नई दरों के बाद राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत अब 2,078.50 रुपये हो गई है।

हालांकि आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 14.2 किलोग्राम का घरेलू गैस सिलेंडर पहले की तरह 913 रुपये में ही उपलब्ध रहेगा।

बताया जा रहा है कि यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी का असर है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की कीमतों में उछाल का सीधा प्रभाव एलपीजी दरों पर पड़ा है।

कीमतों में संशोधन हर महीने की पहली तारीख को सरकारी कंपनियां जैसे Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum और Hindustan Petroleum अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विनिमय दर के आधार पर करती हैं।

इससे पहले भी एक मार्च को कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जिससे लगातार दूसरे महीने व्यवसायिक उपयोग करने वालों पर महंगाई का दबाव बढ़ा है।

वहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है।

ऊर्जा कीमतों में यह बढ़ोतरी खासतौर पर छोटे व्यवसायों और उद्योगों के लिए चिंता का विषय बन सकती है, क्योंकि उनकी लागत पर इसका सीधा असर पड़ेगा।