नोएडा में श्रमिकों का उग्र प्रदर्शन: 5 वाहन फूंके, पुलिस की गाड़ी भी आग के हवाले; दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर हाई अलर्ट

नई दिल्ली/नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में वेतन बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन सोमवार को अचानक उग्र हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की दो गाड़ियों समेत कुल पांच वाहनों को आग के हवाले कर दिया। कई स्थानों पर पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं।
प्रदर्शन के बढ़ते तनाव को देखते हुए दिल्ली पुलिस भी हाई अलर्ट पर आ गई है और दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के हजारों श्रमिक लंबे समय से लंबित वेतन संशोधन की मांग को लेकर इकट्ठा हुए थे। शुरुआत में यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में यह हिंसक रूप ले बैठा। नोएडा के फेज-2 और सेक्टर-60 जैसे क्षेत्रों में आगजनी और उपद्रव की घटनाएं हुईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस ने भारी बल तैनात किया है। मुख्य बॉर्डर पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है और रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को तैनात किया गया है। अर्धसैनिक बलों को भी सतर्क कर दिया गया है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने नहीं दी जाएगी और सभी रणनीतिक स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
उधर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के लिए सम्मानजनक वेतन, सुरक्षित कार्य वातावरण और समय पर समस्याओं के समाधान के निर्देश जारी किए हैं।
इस प्रदर्शन के कारण नोएडा और दिल्ली बॉर्डर क्षेत्रों में भारी ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर लोग पैदल ही दूरी तय करते नजर आए। पुलिस लगातार स्थिति को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों को शांत करने के प्रयास में जुटी हुई है।





