#प्रदेश

तखतपुर में दर्दनाक हादसा: राइस मिल में एलिवेटर का टीन फटने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Advertisement Carousel

तखतपुर. जिले के तखतपुर क्षेत्र अंतर्गत खपरी स्थित शिवायम राइस मिल में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसर गया है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मिल में धान लोडिंग का कार्य चल रहा था, तभी अचानक एलिवेटर का टीन फट गया। इस दौरान मजदूर राकेश केवट धान के ढेर में दब गए और करीब एक घंटे से अधिक समय तक वहीं फंसे रहे। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, एक अन्य मजदूर इस घटना में बाल-बाल बच गया।

घटना के बाद घायल राकेश केवट को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विवेक पांडेय और नायब तहसीलदार रोशनी कंवर अस्पताल पहुंचे।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों व अन्य मजदूरों से पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक मानकों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।