#प्रदेश

सचिन तेंदुलकर का बस्तर दौरा आज , बच्चों संग खेलेंगे क्रिकेट, खेलों से विकास को नई दिशा

Advertisement Carousel

रायपुर। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर 22 अप्रैल को सपरिवार दंतेवाड़ा पहुंच रहे हैं। यह उनका पहला बस्तर दौरा है। इस दौरान वे बच्चों के साथ मैदान में उतरकर क्रिकेट खेलेंगे और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने का संदेश देंगे।
यह पहल बस्तर को नक्सलमुक्त होने के बाद विकास की नई दिशा देने के उद्देश्य से की जा रही है, ताकि क्षेत्र की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

तेंदुलकर छिंदनार, पनेड़ा और जावंगा समेत कई गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनकी सहयोगी संस्था मानदेशी फाउंडेशन खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मैदान विकसित करने और शिक्षकों को प्रशिक्षण देने का काम कर रही है। इस दौरान तेंदुलकर पनेड़ा में एक स्टेडियम का उद्घाटन भी करेंगे।

मानदेशी फाउंडेशन अब तक करीब 15 शिक्षकों को मुंबई में प्रशिक्षण दे चुकी है, जिससे वे बच्चों को बेहतर खेल प्रशिक्षण दे सकें। संस्था का उद्देश्य सीमित संसाधनों में भी बहुउद्देश्यीय खेल मैदान तैयार करना है।
दंतेवाड़ा जिले के गीदम ब्लॉक के 25 से अधिक स्कूलों और आश्रमों में खेल मैदान विकसित किए जा चुके हैं। इनमें छिंदनार, कासोली, कोरलापाल, हितामेटा, गुमड़ा, कारली, बांगापाल सहित कई क्षेत्र शामिल हैं।

फाउंडेशन प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में खेल मैदानों के विकास पर विशेष ध्यान दे रहा है। साथ ही शिक्षकों को यह भी सिखाया जा रहा है कि कम जगह में भी विभिन्न खेलों के लिए उपयुक्त मैदान कैसे तैयार किए जा सकते हैं।
इस दौरे से बस्तर के बच्चों में खेल के प्रति उत्साह बढ़ने और क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।