पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर PM मोदी भावुक, शहीदों को श्रद्धांजलि, आतंक के खिलाफ सख्त संदेश

दिल्ली। दिल्ली। पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इस हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों की यादें हमेशा देश के दिलों में जीवित रहेंगी और उनके परिवारों के साथ पूरा भारत मजबूती से खड़ा है।
प्रधानमंत्री ने दोहराया कि भारत किसी भी तरह के आतंकवाद के सामने झुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि आतंकियों की साजिशें कभी सफल नहीं होंगी और देश पूरी मजबूती से उनका सामना करेगा।
राजनाथ सिंह का सख्त संदेश
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी 22 अप्रैल 2025 को हुए इस हमले में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि यह कायरतापूर्ण हमला देश कभी नहीं भूल सकता और पीड़ित परिवारों के दुख में पूरा भारत शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब भारत की प्रतिक्रिया पहले से कहीं अधिक सख्त, स्पष्ट और निर्णायक है।
सेना का जवाब: ऑपरेशन महादेव में बड़ी सफलता
भारतीय सेना ने अपने आधिकारिक संदेश में कहा कि भारत के खिलाफ किसी भी कार्रवाई का जवाब निश्चित और कड़ा होगा। ऑपरेशन “महादेव” के तहत सुरक्षाबलों ने कठिन इलाकों में लंबे सर्च अभियान के बाद तीन आतंकियों को मार गिराया। लगभग 93 दिनों तक चले इस ऑपरेशन में दुर्गम क्षेत्रों में व्यापक तलाशी ली गई।
सेना ने यह भी स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है और आतंकवाद के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा।
जानिए कब और कहां हुआ था हमला
22 अप्रैल 2025 को बायसरन घाटी में दोपहर करीब 2:30 बजे आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी। हमलावर कथित तौर पर सेना की वर्दी में आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले से पहले पर्यटकों से पहचान और धर्म पूछकर उन्हें निशाना बनाया गया।
यह हमला पुलवामा हमला के बाद जम्मू-कश्मीर में सबसे बड़ा आतंकी हमला माना गया। घटना के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने 6 और 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू कर आतंकियों के ठिकानों पर कार्रवाई की।
इस बरसी पर एक बार फिर देश ने एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई है।




