बलौदाबाजार में पारिवारिक विवाद ने ली जान: कलयुगी बेटे ने की मां की हत्या, फिर पंहुचा आत्मसमर्पण करने

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के मगरवाय गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपनी 65 वर्षीय मां की हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी धनेश्वर प्रसाद वर्मा (42) ने विवाद के दौरान लकड़ी के पटिये से अपनी मां बेबी बाई वर्मा (65) पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने खुद ही थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल, पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ कर घटना की पूरी वजह जानने का प्रयास कर रही है।




