रायपुर में तपिश चरम पर, अगले कुछ दिन लू का कहर, 26 अप्रैल से राहत की उम्मीद

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। बीते 24 घंटों में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे गर्मी का असर और तेज होगा। 27 अप्रैल तक प्रदेश के मध्य हिस्सों में लू चलने की स्थिति बनी रह सकती है।
दुर्ग में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश जरूर हुई, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। जगदलपुर, सुकमा और दरभा जैसे इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। वहीं दुर्ग सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
आज भी राहत के आसार नहीं
राजधानी रायपुर में आज भी आसमान साफ रहेगा और तेज धूप लोगों को परेशान करेगी। दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास और रात का तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
26 अप्रैल से मौसम बदलेगा मिजाज
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में एक द्रोणिका प्रणाली सक्रिय है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि 26 अप्रैल से प्रदेश के कुछ इलाकों में फिर से बारिश शुरू होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।





