#crime #प्रदेश

गरियाबंद में पुलिस की सख्ती से घबराए तस्कर, नहर में फेंका गांजा; 17 पैकेट बरामद

Advertisement Carousel

गरियाबंद। जिले में पुलिस की सघन नाकाबंदी और लगातार चल रही कार्रवाई का असर अब तस्करों पर साफ दिखने लगा है। पुलिस की बढ़ती सख्ती से घबराकर तस्करों ने भारी मात्रा में गांजा नहर में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
यह घटना अतरमरा नहर क्षेत्र की है, जहां पुलिस को नहर में लावारिस हालत में गांजे के कई पैकेट तैरते मिले। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक-एक पैकेट में लगभग 2 से 3 किलो गांजा हो सकता है। कुल मिलाकर करीब 17 पैकेट बरामद किए गए हैं, जिनका वजन लगभग 30 से 45 किलो के बीच बताया जा रहा है।

पुलिस को अंदेशा, चेकिंग से बचने के लिए फेंका माल
पुलिस का मानना है कि चेकपोस्ट और सघन जांच के डर से तस्करों ने पकड़े जाने के जोखिम से बचने के लिए यह पूरी खेप नहर में फेंक दी और मौके से फरार हो गए।

कीमत और जांच
बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। जिले में पिछले कुछ दिनों से नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सीमाओं और मुख्य मार्गों पर चेकपोस्ट लगाकर वाहनों की सख्त जांच की जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्ध वाहनों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।