#प्रदेश

गरियाबंद के देवभोग में बार-बार भूकंप के झटके, आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालक की मौत

Advertisement Carousel

गरियाबंद। गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र में एक बार फिर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे धरती हल्की कांपी, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। पिछले 36 घंटों के भीतर यह तीसरी बार है जब लोगों ने झटके महसूस किए हैं। इससे पहले गुरुवार शाम करीब 7:20 बजे भी कंपन दर्ज किया गया था। एक दिन पहले आए झटके की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 0.7 मापी गई थी।

हालांकि सभी झटके हल्के बताए जा रहे हैं और अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन लगातार हो रही इस गतिविधि से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। कई लोग एहतियातन घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर समय बिताते नजर आए।

घबराने की जरूरत नहीं
स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के हल्के झटके सामान्य भूगर्भीय गतिविधियों का हिस्सा हो सकते हैं और फिलहाल घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।

आकाशीय बिजली का कहर, बच्चे की मौत
इसी बीच देवभोग थाना क्षेत्र के मुरगुडा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। 13 वर्षीय बालक क्षीरसागर यादव की बिजली गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालक घर के बाहर था, तभी अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस के जरिए उसे देवभोग अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में दोपहर के समय लगातार बारिश हो रही है, जिससे आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।