#प्रदेश

कवर्धा में भीषण सड़क हादसा: पुल से गिरी तेज रफ्तार कार, 4 युवकों की मौत, 2 की हालत गंभीर

Advertisement Carousel

 

कवर्धा। कबीरधाम जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गड़ाई के पास फोक नदी पर बने पुल से एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई, जिससे कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बाद में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, कार में कुल छह युवक सवार थे, जो रायपुर के बिरगांव क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी युवक पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और देर रात लौटते समय यह हादसा हुआ।

मृतकों की पहचान अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन के रूप में हुई है, जबकि घायल युवकों के नाम जुनैद रज़ा और आरज़ू खान बताए जा रहे हैं।

प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।