#प्रदेश

संसदीय समिति बैठक में बृजमोहन अग्रवाल का बड़ा बयान—उर्वरक और दवा क्षेत्र में सुधारों पर जोर

Advertisement Carousel

नई दिल्ली / रायपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता और रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को नई दिल्ली में रसायन एवं उर्वरक संबंधी स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने उर्वरक उत्पादन बढ़ाने और दवा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

निष्क्रिय संपत्तियों के उपयोग पर जोर
बैठक में उर्वरक क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों (PSUs) की निष्क्रिय पड़ी संपत्तियों की समीक्षा करते हुए अग्रवाल ने कहा कि इन संसाधनों का पुनरुद्धार कर उत्पादन क्षमता बढ़ाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इससे खाद की उपलब्धता बढ़ेगी और किसानों को समय पर उचित मूल्य पर उर्वरक मिल सकेगा।

दवा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा
अग्रवाल ने उत्पादन संबद्ध प्रोत्साहन योजना (PLI) के तहत एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रीडिएंट (API) के उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे दवाओं की कीमतों में कमी आएगी और देश आत्मनिर्भर बनेगा।

छत्तीसगढ़ में निवेश और रोजगार की संभावना
उन्होंने यह भी कहा कि API उत्पादन को बढ़ावा मिलने से छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश आएगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

जनहित और विकास पर फोकस
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की भूमिका और मजबूत होगी।