छत्तीसगढ़ में चुनावी बिगुल: 1 जून को वोटिंग, 4 जून को तय होगी 1310 सीटों की तस्वीर

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
राज्यभर में अब चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इस बार 5 नगरपालिका अध्यक्ष, 77 पार्षद और पंचायतों के 1228 रिक्त पदों सहित कुल 1310 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। प्रदेश में वोटिंग 1 जून को होगी, जबकि 4 जून को मतगणना के साथ नतीजे सामने आएंगे।
आयोग के मुताबिक नगरीय निकाय चुनावों के लिए मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। वहीं पंचायत चुनावों में मतदाता सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्र 11 मई से 18 मई तक जमा किए जाएंगे। इसके बाद 19 मई को नामांकन की जांच होगी और 21 मई तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे।
नगरीय निकाय चुनाव EVM के जरिए दलीय आधार पर कराए जाएंगे, जबकि पंचायत चुनाव बैलेट बॉक्स से गैर-दलीय आधार पर होंगे। चुनाव की घोषणा के बाद राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गांव से लेकर शहर तक चुनावी माहौल बनने लगा है।
मुख्य बिंदु:
0 मतदान की तारीख: 1 जून 2026
0 मतगणना/रिजल्ट: 4 जून 2026
नगरीय निकाय चुनाव
0 5 नगरपालिका अध्यक्ष पद
0 77 पार्षद पद
0 कुल 82 रिक्त पदों पर चुनाव
0 मतदान समय: सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
0 चुनाव EVM से और दलीय आधार पर होंगे
पंचायत चुनाव
0 जनपद सदस्य, सरपंच और पंच के कुल 1228 रिक्त पद
0 मतदान समय: सुबह 7:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक
0 चुनाव मतपेटी (Ballot Box) से और गैर-दलीय आधार पर होंगे
चुनाव कार्यक्रम
0 नामांकन दाखिल: 11 मई से 18 मई
0 नामांकन जांच: 19 मई
0 नाम वापसी की अंतिम तिथि: 21 मई
यह चुनाव प्रदेश के विभिन्न रिक्त स्थानीय निकाय और पंचायत पदों को भरने के लिए कराए जा रहे हैं।




