छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायगढ़ और महासमुंद में यलो अलर्ट जारी, आंधी तूफान के साथ बारिश की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने रायगढ़ और महासमुंद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खराब मौसम के दौरान पेड़ों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की गई है।
प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बादल छाए रहने और मेघगर्जन की संभावना बनी रहेगी। 11 मई के बाद गरज-चमक की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। अगले 3 दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2–3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
तापमान की बात करें तो राजनांदगांव राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41°C दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 20.9°C रिकॉर्ड किया गया।
अन्य प्रमुख शहरों का तापमान:
रायपुर – 39.4°C
सुकमा – 38.8°C
कवर्धा – 37.6°C
बेमेतरा – 38.2°C
बिलासपुर – 37.4°C
जगदलपुर – 36.4°C
सरगुजा – 34.8°C
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों में तापमान में 2–4 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है।





