बाबा बर्फानी के दर्शन अब हेलीकॉप्टर से भी: 3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा

जम्मू। अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को इस बार हेलीकॉप्टर सेवा की सुविधा भी उपलब्ध होगी। तीन जुलाई से शुरू हो रही यात्रा के लिए हेली टिकटों की कीमतों की घोषणा जून के मध्य तक की जाएगी। पिछले वर्ष पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा समीक्षा के चलते हेली सेवाओं को बंद कर दिया गया था।
हर साल लाखों श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर पहुंचते हैं। इनमें कई श्रद्धालु ऐसे होते हैं जो पैदल यात्रा करने में असमर्थ होते हैं या कम समय में दर्शन करना चाहते हैं। ऐसे श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा को प्राथमिकता देते हैं। यात्रा बालटाल और पहलगाम — इन दो प्रमुख मार्गों से पूरी की जाती है। हेलीकॉप्टर के जरिए श्रद्धालु बेस कैंप से कुछ ही मिनटों में गुफा के नजदीक पहुंच सकते हैं।
हेली सेवा का संचालन श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा किया जाता है और टिकटों की दरें भी बोर्ड ही तय करता है। बीते वर्ष 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई के तौर पर ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। सुरक्षा कारणों से यात्रा तो शुरू हुई, लेकिन हेली सेवाओं को अनुमति नहीं दी गई थी।
इस बार अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। यात्रा अवधि के दौरान हेलीकॉप्टर सेवा को मंजूरी मिलने से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
हेली सेवाओं के रूट
बालटाल रूट: नीलग्रथ – पंजतरणी – नीलग्रथ
पहलगाम रूट: पहलगाम – पंजतरणी – पहलगाम
आधिकारिक वेबसाइट से होगी ऑनलाइन टिकट बुकिंग
टिकट दरें तय होने के बाद श्रद्धालु श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट
पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी आवश्यक होगी।
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशील केसर ने कहा, “अमरनाथ जाने वाले श्रद्धालु इस बार हवाई सेवा का लाभ ले सकेंगे। टिकटों की दरें अभी तय नहीं की गई हैं। इन्हें अगले माह के मध्य तक जारी कर दिया जाएगा।”




