#crime #प्रदेश

रायपुर में मिक्की मेहता के भाई माणिक मेहता की संदिग्ध मौत, फ्लैट में मिला शव, जाँच में जुटी पुलिस

Advertisement Carousel

 

रायपुर। रायपुर में चर्चित फिटनेस गुरु मिक्की मेहता के भाई माणिक मेहता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव सरोना स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के एक किराए के फ्लैट में मंगलवार दोपहर मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 56 वर्षीय माणिक मेहता पिछले करीब एक साल से इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रह रहे थे और एक एनजीओ का संचालन कर रहे थे। उन्हें आखिरी बार सोमवार दोपहर देखा गया था। इसके बाद से वे किसी की नजर में नहीं आए।

मंगलवार को पड़ोसियों ने फ्लैट का दरवाजा खुला देखा। आवाज देने पर जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वे फ्लैट के भीतर पहुंचे। वहां माणिक मेहता किचन के वॉश बेसिन में सिर के बल गिरे हुए मृत अवस्था में मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि माणिक किचन में काम कर रहे थे और बर्तन साफ करते समय अचानक गिर पड़े। हालांकि पुलिस फिलहाल मौत को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस ने माणिक मेहता का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। मोबाइल से कुछ चैट भी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।