#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल अटैक: बारिश से राहत, अब लौटेगी भीषण गर्मी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को हुई बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से तापमान बढ़ने और लू चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले चार दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इसके असर से 16 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव यानी लू चलने की संभावना जताई गई है।

दुर्ग सबसे गर्म, जगदलपुर रहा सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया। दुर्ग में सबसे अधिक 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है।

अगले 5 दिन बारिश और तेज हवाओं के आसार

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। रायपुर में बुधवार शाम तक अंधड़, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है।

क्यों बदल रहा है मौसम?

विशेषज्ञों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से मणिपुर तक फैली पूर्व-पश्चिम द्रोणिका (ट्रफ लाइन) और चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में नमी बढ़ी हुई है। इसी वजह से कई इलाकों में बादल, आंधी और बारिश की स्थिति बनी हुई है।

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

0 तेज आंधी और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर न जाएं।
0 दोपहर में तेज धूप से बचें और पर्याप्त पानी पिएं।
0 मौसम की जानकारी के लिए Mausam Appऔर बिजली गिरने की चेतावनी के लिए Damini App
का उपयोग करें।