#प्रदेश

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून एक्टिव, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश, गर्मी से राहत

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून आने से पहले ही मौसम पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। शुक्रवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम ठंडा होने से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाएं, वज्रपात और हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। पिछले 15 दिनों से प्रदेश में लगातार बादल और बारिश का असर देखने को मिल रहा है, जो आमतौर पर मानसून शुरू होने के बाद दिखाई देता है।

प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान जगदलपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

इन इलाकों में हुई बारिश
कसडोल – 60 मिमी
कोमाखान – 40 मिमी
गिरौदपुरी – 30 मिमी
बलौदाबाजार – 20 मिमी
भाटापारा – 20 मिमी
कोटा – 20 मिमी

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और सक्रिय चक्रवाती सिस्टम की वजह से छत्तीसगढ़ का मौसम प्रभावित हो रहा है।

शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ तेज अंधड़, गरज-चमक और बिजली गिरने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 17 मई के बाद गर्मी फिर बढ़ सकती है।

आज भी छाए रहेंगे बादल
रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।