Big Breaking : अरुणदेव गौतम बने छत्तीसगढ़ के स्थायी डीजीपी, सरकार ने जारी किया आदेश

रायपुर | छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के कार्यवाहक डीजीपी आईपीएस अरुणदेव गौतम को अब स्थायी पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त कर दिया है। गृह विभाग ने शुक्रवार को आदेश जारी करते हुए उनकी नियुक्ति को औपचारिक मंजूरी प्रदान की।
सरकारी आदेश के अनुसार, यह नियुक्ति संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की अनुशंसा पर गठित पैनल से की गई है। इस पैनल में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हिमांशु गुप्ता का नाम भी शामिल था।
पूर्व डीजीपी अशोक जुनेजा के सेवानिवृत्त होने के बाद, 4 फरवरी 2025 को अरुणदेव गौतम को राज्य का कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया था। तब से वे लगभग सवा साल तक इस पद पर कार्यरत रहे।
पृष्ठभूमि और प्रक्रिया
सुप्रीम कोर्ट के “प्रकाश सिंह मामले” में दिए गए निर्देशों के अनुसार राज्यों में लंबे समय तक कार्यवाहक डीजीपी की नियुक्ति नहीं की जा सकती। इसी दिशा में UPSC की सख्त प्रक्रिया के तहत स्थायी नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की गई।
अरुणदेव गौतम का प्रशासनिक अनुभव
अरुणदेव गौतम 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। वे छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव, बिलासपुर और बस्तर जैसे संवेदनशील जिलों में एसपी और आईजी के रूप में कार्य कर चुके हैं। झीरम घाटी घटना के बाद उन्हें बस्तर आईजी की जिम्मेदारी दी गई थी, जहां उन्होंने चुनावी सुरक्षा व्यवस्था को सफलतापूर्वक संभाला।
उन्हें उनकी सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और भारतीय पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।





