#प्रदेश #राष्ट्रीय

BREAKING: राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, एसी कोच धू-धू कर जले, यात्रियों में मची चीख-पुकार

Advertisement Carousel

कोटा। कोटा रेल मंडल में उस समय हड़कंप मच गया, जब अल सुबह त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में अचानक भीषण आग लग गई। यह हादसा मंडल के विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरिचा स्टेशनों के बीच हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने ट्रेन के थर्ड एसी और एसएलआर कोच को अपनी चपेट में ले लिया।

‘कोटा से रवाना की गई राहत ट्रेन’

कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत ट्रेन को कोटा से तुरंत रवाना कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। डीआरएम समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। जिस कोच में आग लगी, उसमें सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनके सामान को अन्य कोचों में शिफ्ट किया जा रहा है। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

सो रहे यात्रियों में मची भगदड़

बताया जा रहा है कि हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक कोच से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन रुकते ही लोग अपना सामान लेकर जल्दबाजी में नीचे उतरने लगे। इस अफरा-तफरी में कई यात्रियों का सामान ट्रेन में ही छूट गया।

रेलवे ने तुरंत बंद कराई बिजली सप्लाई

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर तुरंत ओएचई (OHE) यानी बिजली सप्लाई बंद करवा दी। इसके चलते कोटा रेल मंडल के इस रूट पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया। रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका

रेलवे की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि अधिकारी अभी आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।