CG Weather Alert : छत्तीसगढ़ में बारिश और अंधड़ का की संभावना , कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

रायपुर । छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी रायपुर समेत बस्तर संभाग के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय विभिन्न मौसमी सिस्टमों के कारण वातावरण में लगातार नमी बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बने सिस्टम के प्रभाव से गरज-चमक और अंधड़ की स्थिति बन रही है। वहीं पश्चिम विदर्भ से मन्नार की खाड़ी तक फैली द्रोणिका का असर भी मौसम पर देखा जा रहा है।
रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। Bilaspur में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रायपुर में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शनिवार को राजधानी रायपुर में 62.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले 48 घंटे तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर तेज हवा, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, इसके साथ अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना भी जताई गई है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में सोमवार को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।




