रायपुर में गृह मंत्री अमित शाह ने 112 इमरजेंसी सेवा और मोबाइल फॉरेंसिक वैन का किया शुभारंभ,400 वाहनों को दिखाई हरी झंडी

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने आज माना पुलिस परेड ग्राउंड, रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस की अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा’ और मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai और विधानसभा अध्यक्ष Raman Singh की उपस्थिति रही। केंद्रीय गृह मंत्री ने 400 नए डायल-112 आपातकालीन वाहनों और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री Vijay Sharma, पुलिस महानिदेशक Arun Dev Gautam सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।
‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर आधारित यह नई डायल-112 सेवा अब पुलिस, अग्निशमन और चिकित्सा आपात सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़कर नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराएगी। इस प्रणाली के तहत सभी 400 वाहनों को आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है, जिनमें GPS ट्रैकिंग, वायरलेस संचार, स्मार्टफोन सिस्टम, PTZ कैमरा, डैश कैम और सोलर बैकअप जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
यह सेवा 24×7 संचालित होगी और इसमें GIS आधारित मॉनिटरिंग, ऑटोमैटिक कॉलर लोकेशन पहचान तथा रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। नागरिक व्हाट्सएप, SMS, ईमेल, वेब पोर्टल और SOS-112 ऐप के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

इसी तरह ‘Science on Wheels’ के तहत शुरू की गई 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन अपराध स्थल पर ही वैज्ञानिक जांच को संभव बनाएंगी। इन वैन में फिंगरप्रिंट डिटेक्शन, बैलिस्टिक जांच, नार्कोटिक्स टेस्टिंग, डिजिटल फॉरेंसिक और साक्ष्य संग्रहण जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
इस पहल का उद्देश्य जांच प्रक्रिया को तेज, सटीक और साक्ष्य-आधारित बनाना है, जिससे अपराध नियंत्रण और न्याय प्रणाली में पारदर्शिता और प्रभावशीलता और अधिक मजबूत हो सके।





