रायपुर में ज्वेलरी शॉप से 2.34 करोड़ का सोना गायब, 16 साल पुराना कर्मचारी फरार

रायपुर। Raipur के सदर बाजार स्थित मनोहरमल एंड कंपनी में करोड़ों रुपए की चोरी का मामला सामने आया है। दुकान का 16 साल पुराना कर्मचारी करीब 2.34 करोड़ रुपए कीमत के सोने के जेवर लेकर फरार हो गया। मामले की शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बंधवापारा निवासी सूरज साहू लंबे समय से दुकान में काम कर रहा था। भरोसेमंद कर्मचारी होने के कारण उसे डिस्प्ले में रखे गए गहनों को वापस लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। बताया जा रहा है कि पिछले महीने उसने एक व्यापारी को गहने दिखाने के लिए लॉकर से सोना निकाला था।
आरोप है कि सोना वापस रखने के बजाय उसने जेवर अपने बैग में रख लिए और चुपचाप घर चला गया। हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद भी वह कुछ दिनों तक दुकान आता रहा, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ।
करीब एक महीने बाद स्टॉक मिलान के दौरान 1,495 ग्राम सोना गायब मिला। इसके बाद दुकान संचालकों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें कर्मचारी की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं।
मामला Kotwali Police Station में दर्ज किया गया है। Raipur Police की टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन फिलहाल वह फरार बताया जा रहा है।





