सुशासन तिहार में दिखी मुख्यमंत्री साय की संवेदनशीलता, बुजुर्गों और बच्चों को अपने हाथों से पहनाया नजर का चश्मा

रायपुर। Vishnu Deo Sai ने गुरुवार को बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में लोगों से सीधे संवाद कर संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश की।
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और आम लोगों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री का मानवीय अंदाज देखने को मिला, जब उन्होंने 76 वर्षीय गोवर्धन ध्रुव, 65 वर्षीय अनुपकुंवर पाल और कक्षा छठवीं के छात्र संजय चक्रधारी व जयसेन को अपने हाथों से नजर का चश्मा पहनाया।
चश्मा मिलने के बाद हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें पढ़ने-लिखने और रोजमर्रा के काम करने में काफी आसानी होगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज और जरूरी सहायता मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
सुशासन तिहार के इस शिविर में लोगों को स्वास्थ्य, जनकल्याण और शासन की विभिन्न योजनाओं से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।





