भीषण गर्मी का कहर : कांकेर में 500 से ज्यादा चमगादड़ों की मौत, हीट स्ट्रोक से वन्यजीवों पर संकट

कांकेर। छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी अब वन्यजीवों के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है। कांकेर जिले के सरोना गांव में हीट स्ट्रोक के कारण 500 से अधिक चमगादड़ों की मौत होने का मामला सामने आया है। लगातार बढ़ते तापमान और नौतपा के दौरान हीटवेव अलर्ट ने प्रशासन और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में चमगादड़ अचानक पेड़ों से नीचे गिर रहे हैं और थोड़ी ही देर में उनकी मौत हो जा रही है। बताया जा रहा है कि बीते 2 से 4 दिनों के भीतर करीब 500 से ज्यादा चमगादड़ों की जान जा चुकी है। विशेषज्ञ इस घटना को भीषण गर्मी और लू का असर मान रहे हैं।

गर्मी का असर केवल वन्यजीवों तक सीमित नहीं है, बल्कि इंसानों की सेहत पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में डिहाइड्रेशन, उल्टी, चक्कर और लू से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।





