नौतपा में बदला मौसम का मिजाज: छत्तीसगढ़ के 27 जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

रायपुर। नौतपा के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं ने भीषण गर्मी से लोगों को राहत दिलाई है। अंबिकापुर और सूरजपुर समेत कई इलाकों में हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर सहित 27 जिलों में बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। हालांकि बीते 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन कुछ क्षेत्रों में ग्रीष्म लहर का असर बना रहा।
विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आज से प्रदेशभर में मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। कई इलाकों में तेज अंधड़ चलने की भी संभावना जताई गई है।
इन जिलों में बारिश,आंधी और बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी में भी बदलेगा मौसम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम सुहाना रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
रायपुर में आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम में आए बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है।





