#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में नौतपा पर बारिश की दस्तक, गर्मी पर लगा ब्रेक; कई जिलों में आंधी-बिजली का अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। नौतपा के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश ने भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाई है। खासकर उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मध्य क्षेत्र के कई जिलों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है।

शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बंगाल की खाड़ी से लगातार पहुंच रही नमी के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है और आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। सुकमा में सर्वाधिक 4 सेंटीमीटर वर्षा हुई, जबकि जगदलपुर, तोंगपाल और दरभा में 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा तोकापाल में 2 सेंटीमीटर तथा कोंडागांव, कोंटा, भानपुरी, लोहांडीगुड़ा, अंबिकापुर और सरगुजा में 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार मध्य पाकिस्तान से ओडिशा तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जबकि बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी बना हुआ है। इन सिस्टमों के असर से शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा।

मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

राजधानी रायपुर में भी शनिवार को मौसम का असर दिखाई दे सकता है। शहर में आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।