#crime #प्रदेश

कंपनी के सामान की आड़ में 3 करोड़ का गांजा बरामद, महासमुंद पुलिस ने तस्कर को दबोचा

Advertisement Carousel

पिथौरा। छत्तीसगढ़ में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य का 600 किलो गांजा जब्त किया है। तस्कर गांजे को कंपनी के मशीनरी सामान के बीच छिपाकर महाराष्ट्र ले जाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

गुप्त सूचना पर बिछाया जाल

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक टाटा माजदा वाहन में भारी मात्रा में गांजा भरकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही सिंघोड़ा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने मुरमुरी चौक पर घेराबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।

कार्टनों के नीचे मिला गांजे का जखीरा

जांच के दौरान संदिग्ध टाटा माजदा वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में रखे कंपनी के मशीनरी सामान के बड़े-बड़े कार्टनों के नीचे और पीछे छिपाकर रखी गई 24 प्लास्टिक बोरियों से 600 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है।

महाराष्ट्र का तस्कर गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महबूब बादशाह (65), निवासी अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा ओडिशा के बौद्ध जिले से लेकर महाराष्ट्र पहुंचाने जा रहा था।