#crime #प्रदेश

धर्मांतरण के आरोप पर अंतिम संस्कार को लेकर बवाल, ग्रामीणों के विरोध के बाद बदला गया स्थान

Advertisement Carousel

 

भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र के इरागांव में एक महिला के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया। महिला की मौत के बाद जब परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तब बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए गांव में अंतिम संस्कार का विरोध करने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

अंतिम संस्कार के दौरान हुआ विरोध

जानकारी के अनुसार, इरागांव निवासी गणेशिया नेताम का बीमारी के चलते निधन हो गया था। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी कुछ ग्रामीणों ने महिला के धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई और गांव में अंतिम संस्कार नहीं करने की मांग की।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर हालात को नियंत्रित किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

समझाइश के बाद निकला समाधान

काफी देर तक चली चर्चा और समझाइश के बाद मृतका के परिजन शव को दूसरे स्थान पर ले जाकर अंतिम संस्कार करने के लिए सहमत हो गए। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और किसी बड़े विवाद को टाल दिया गया।

गांव में पुलिस की निगरानी जारी

घटना के बाद एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने सभी पक्षों से शांति, संयम और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।