#प्रदेश

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बारिश से मिली राहत, लेकिन जून के पहले पखवाड़े में हीटवेव का खतरा बरकरार

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश और बादलों की आवाजाही से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश के कारण तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है।

हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से इसके छत्तीसगढ़ पहुंचने में देरी हो सकती है। ऐसे में जून के पहले पंद्रह दिनों के दौरान प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनने की आशंका है। वहीं बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी बस्तर संभाग में अत्यधिक गर्मी को नियंत्रित रखने में मदद करेगी।

विशेषज्ञों के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक या 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने पर क्षेत्र को ग्रीष्मलहर प्रभावित माना जाता है। पर्याप्त बारिश नहीं होने की स्थिति में जून के शुरुआती दिनों में ऐसे हालात बनने की संभावना बनी हुई है।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा

रविवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजनांदगांव में सर्वाधिक 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

कई जिलों में हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में पेंड्रा में 7 सेंटीमीटर, चंद्रपुर में 5 सेंटीमीटर, कुटरू और अंबिकापुर में 4-4 सेंटीमीटर, तमनार और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर तथा बसना, कोमाखान, बागबहरा सहित कई क्षेत्रों में 1 से 2 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गरज-चमक के साथ अंधड़ और बारिश हो सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।