‘सिर्फ पाने नहीं, समाज को कुछ लौटाने का भी रखें संकल्प’ : राज्यपाल रमेन डेका

० राजभवन में बालिका गृह की बेटियों से आत्मीय संवाद, अंगदान-देहदान का संकल्प लेने वाले 75 नागरिक सम्मानित
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि जीवन का उद्देश्य केवल सफलता हासिल करना नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसा कार्य करना चाहिए जिससे समाज और मानवता का भी कल्याण हो। उन्होंने युवाओं और बालिकाओं से आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें, शिक्षा और आत्मविश्वास के बल पर आगे बढ़ें तथा समाज को कुछ लौटाने की भावना विकसित करें।
राजभवन (लोक भवन) में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में राज्यपाल ने एसओएस बालिका गृह, माना की बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे देश और समाज का उज्ज्वल भविष्य हैं। कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति से जीवन का कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
‘पुस्तकें देती हैं स्थायी ज्ञान और संघर्ष से लड़ने की प्रेरणा’
राज्यपाल ने डिजिटल युग में पुस्तकों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इंटरनेट की जानकारी समय के साथ बदल सकती है, लेकिन पुस्तकों में संचित ज्ञान लंबे समय तक मार्गदर्शन करता है। उन्होंने बालिकाओं को नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने और महान व्यक्तित्वों की जीवनियां अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफल लोगों के संघर्ष और उपलब्धियां युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

जल संकट और पर्यावरण संरक्षण पर जताई चिंता
कार्यक्रम में राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि मानव, पशु और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और इसमें वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अभी से जल संरक्षण और वृक्षारोपण पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले वर्षों में गंभीर भू-जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
अंगदान और देहदान को बताया मानवता की सर्वोच्च सेवा
राज्यपाल ने कहा कि अंगदान और देहदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक हैं। अंगदान से जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलता है, जबकि देहदान चिकित्सा शिक्षा और शोध कार्यों के लिए अमूल्य योगदान है। उन्होंने ऐसे लोगों को समाज का सच्चा नायक बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
75 नागरिक और कलेक्टर गौरव सिंह सम्मानित
कार्यक्रम में अंगदान और देहदान का संकल्प लेने वाले 75 नागरिकों को सम्मानित किया गया। वहीं, इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए गौरव सिंह को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में राजभवन के वरिष्ठ अधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक, बालिका गृह की बालिकाएं और शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





