#प्रदेश

CG Weather Update : जून की शुरुआत राहत भरी, बारिश-अंधड़ के आसार; गर्मी से मिली राहत

Advertisement Carousel

० पश्चिमी विक्षोभ का असर, रायपुर समेत कई जिलों में तापमान में गिरावट; अगले तीन दिन मौसम रहेगा सुहाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जून महीने की शुरुआत राहत भरे मौसम के साथ हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से आने वाली गर्म हवाओं पर ब्रेक लग गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और अगले कुछ दिनों तक अंधड़ व हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को रायपुर के अधिकतम तापमान में सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई और तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.3 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। तापमान में गिरावट के कारण दिनभर गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम रहा और लोगों को राहत महसूस हुई।

हालांकि दोपहर के समय कुछ देर बादल छाए रहे, लेकिन राजधानी में बारिश नहीं हुई। वहीं प्रदेश का सर्वाधिक तापमान राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन दोपहर बाद तेज हवाएं, अंधड़ और कहीं-कहीं हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। बीते 24 घंटों के दौरान गरियाबंद, बस्तर और सूरजपुर जिले के कुछ इलाकों में बारिश भी दर्ज की गई है।

आज रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अंधड़ और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। राजधानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिली है, हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।