झाड़ू की आड़ में 2 करोड़ का ‘हरा सोना’! बस से हो रही थी गांजा तस्करी, पुलिस ने पकड़ी 20 क्विंटल खेप

सूरजपुर। गांजा तस्कर तस्करी के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उनके मंसूबे नाकाम साबित हो रहे हैं। सूरजपुर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बस के जरिए मध्यप्रदेश भेजी जा रही करीब 20 क्विंटल गांजा की खेप जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली इलाके में पुलिस को संदिग्ध परिवहन की सूचना मिली थी। जांच के दौरान नीलम ट्रांसपोर्ट की एक बस को रोका गया, जो अंबिकापुर से मध्यप्रदेश के कटनी जिले की ओर जा रही थी।
टोकरी में छिपाकर, ऊपर रखी थीं झाड़ू
तलाशी के दौरान पुलिस को बस में रखी टोकरीयों में बड़ी मात्रा में गांजा मिला। तस्करों ने गांजा को छिपाने के लिए उसके ऊपर झाड़ू रख दी थी, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए पूरी खेप बरामद कर ली।
112 टीम की मदद से मिली सफलता
पुलिस की 112 टीम की सूचना और तत्परता के चलते यह बड़ी कार्रवाई संभव हो सकी। गांजा जब्त करने के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खेप कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।
तस्करों के नए हथकंडे भी हुए फेल
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि नशा तस्कर अब परिवहन के हर संभव साधन का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के कारण इस बार भी तस्करों की चालाकी काम नहीं आई और करोड़ों रुपये की गांजा खेप पकड़ी गई।पुलिस मामले की जांच कर रही है और तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।





