राजधानी के पॉश कॉलोनी में लाखों की चोरी: परिवार घर में सोता रहा, खिड़की तोड़कर नकदी-जेवरात ले उड़े चोर

रायपुर। राजधानी रायपुर के पॉश इलाके खम्हारडीह स्थित गोल्डन होम्स कॉलोनी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने कारोबारी भरत छाबड़िया के बंगले को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात के समय पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था और चोर बेखौफ होकर चोरी को अंजाम देकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, गोल्डन होम्स के गेट नंबर-2 के पास स्थित बंगले के बाथरूम की खिड़की तोड़कर चोर अंदर घुसे। सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी खुली हुई थी। इसके बाद चोरी का पता चला।
10 लाख नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी
परिजनों के मुताबिक, चोर घर से करीब 7 से 8 तोला सोने के जेवर, चांदी के आभूषण और लगभग 10 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी भावेश गौतम ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
गोल्डन होम्स जैसी हाई-प्रोफाइल और सुरक्षित मानी जाने वाली कॉलोनी में परिवार की मौजूदगी के दौरान चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वारदात के बाद कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।





