#प्रदेश

कवर्धा में भीषण आग से मचा हड़कंप, टेंट हाउस और फर्नीचर दुकान जलकर खाक

Advertisement Carousel

 

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पांडातराई नगर में मंगलवार को अचानक लगी भीषण आग ने अफरा-तफरी मचा दी। गुप्ता धर्मशाला के पास स्थित एक टेंट हाउस और फर्नीचर दुकान में आग लगने से इलाके में काले धुएं का घना गुबार छा गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, लोगों में मची दहशत

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जिसने कुछ ही देर में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

फायर ब्रिगेड और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और पांडातराई पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया और आसपास की दुकानों व मकानों तक आग फैलने से रोक लिया।

लाखों के नुकसान की आशंका

हादसे के समय दुकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जनहानि टल गई। हालांकि आग में फर्नीचर, टेंट सामग्री और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।