सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल: श्रद्धा महिला मंडल ने वृद्धाश्रम में लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

बिलासपुर। श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत माता रानी की कुटिया वृद्धाश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। 8 जून 2026 को आयोजित इस शिविर में वृद्धाश्रम में रह रही बुजुर्ग महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
यह कार्यक्रम श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा एवं एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला श्रीमती शशि दुहन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान मंडल की उपाध्यक्षगण और सदस्याएं भी मौजूद रहीं। उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत महिलाओं से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनका उत्साहवर्धन किया।
शिविर में डॉ. पारुली साहू और उनकी टीम ने 25 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान रक्तचाप, नाड़ी, सीबीसी, आरबीएस, एचबीए1सी, लीवर प्रोफाइल, किडनी प्रोफाइल और लिपिड प्रोफाइल सहित विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं। जांच के बाद जरूरतमंद महिलाओं को आवश्यक दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती शशि दुहन ने वृद्धाश्रम की महिलाओं को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने बुजुर्गों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के लिए प्रतिमाह स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने की घोषणा भी की।
फल और पौष्टिक नाश्ता भी वितरित
स्वास्थ्य शिविर के उपरांत वृद्धाश्रम में रह रहे 25 बुजुर्गों को पौष्टिक नाश्ता एवं फलों की टोकरियां वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों के प्रति सम्मान, स्नेह और अपनत्व की भावना को मजबूत करना था।
श्रद्धा महिला मंडल की यह पहल सामाजिक सेवा, मानवीय संवेदनाओं और जनकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है। इससे वृद्धाश्रम की महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने के साथ ही आत्मीयता और सुरक्षा का एहसास भी हुआ।





