छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के संकेत, 11 जून से बढ़ सकती है बारिश,उमस भरी गर्मी से राहत की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री अब करीब नजर आ रही है। प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार को बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। मौसम विभाग ने 11 जून से बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। वहीं कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को शंकरगढ़, मंदिर हसौद और खरोरा में हल्की बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में और सबसे कम 23.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय ऊपरी वायु चक्रवातीय परिसंचरण तथा पंजाब से बिहार तक बनी द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल रहा है।
राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में तेज हवाओं, बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।





