#प्रदेश

मानसून की रफ्तार धीमी, बढ़ी उमस और गर्मी; कई जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं, लेकिन बारिश का दायरा सीमित होने से अधिकांश इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

रविवार को प्रदेश का सर्वाधिक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। मुंगेली में 5 सेंटीमीटर और कवर्धा में 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में विभिन्न ऊपरी वायुमंडलीय प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ वज्रपात और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आज बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं रात का तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।