#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार सुस्त, बढ़ी उमस-गर्मी; अगले 5 दिन बारिश और अंधड़ के आसार

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून के आगमन का इंतजार अभी जारी है। जून का पहला पखवाड़ा बीतने के बावजूद रायपुर समेत प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि सरगुजा संभाग में द्रोणिका के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सूरजपुर जिले के ओड़गी में सर्वाधिक 5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि रामानुजनगर, प्रतापपुर और जशपुर के कांसाबेल में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बलरामपुर, कोरबा, बलौदा बाजार, सूरजपुर और रायगढ़ के कई क्षेत्रों में भी वर्षा दर्ज की गई।

कम नहीं हो रही तपिश
तापमान की बात करें तो बेमेतरा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। रायपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री, माना और बिलासपुर में 39.7 डिग्री, दुर्ग में 41.2 डिग्री तथा जगदलपुर में 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कुछ इलाकों में अंधड़ -बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, बारिश और अंधड़ चलने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।