#प्रदेश

महंगाई और खाद संकट को लेकर कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, सरकार पर साधा निशाना

Advertisement Carousel

धमतरी। जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के तत्वावधान में खाद-बीज की कमी, बढ़ती महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर प्रेस वार्ता, एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन तथा कलेक्ट्रेट घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया, कुरूद के पूर्व विधायक एवं पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक लेख राम साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने, डीजल-पेट्रोल तथा रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने और आवश्यक वस्तुओं की महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग उठाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक लेख राम साहू ने कहा कि किसानों को प्रति एकड़ दो बोरी यूरिया और दो बोरी डीएपी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने नैनो डीएपी और नैनो यूरिया की अनिवार्य खरीद पर भी सवाल उठाए तथा खाद की कालाबाजारी रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार की गोबर और जैविक कंपोस्ट खाद योजना को फिर से प्रभावी रूप से लागू करने की जरूरत है।

साहू ने धान के समर्थन मूल्य को 3358 रुपये प्रति क्विंटल तक सुनिश्चित करने, बढ़े हुए बिजली बिलों में राहत देने तथा डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतें कम करने की मांग भी उठाई।

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता बुरी तरह प्रभावित है। दाल, तेल, सब्जी, दूध, राशन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि से लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आय बढ़ाने के दावे करने वाली सरकार किसानों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों और आम जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों और अन्य स्थानों पर धरना-प्रदर्शन कर उग्र आंदोलन करेगी।कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।